Saturday, June 2, 2018

हिट एेंड रन: स्कूटी सवार दो स्टूडेंट्स की मौत

नई दिल्ली
सिविल लाइंस एरिया में आधी रात को अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो स्टूडेंट्स की मौत हो गई। दोनों मुखर्जी नगर में पीजी लेकर LLM की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों देर रात कहीं से खाना खाकर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। मृतकों की पहचान विख्यात पंडित और अक्षित के तौर पर हुई है। अक्षित करनाल का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि उनके परिजन दिल्ली पहुंच गए हैं।

हादसे की सूचना किसी राहगीर ने पुलिस को दी थी। पीसीआर मौके पर पहुंची तो दोनों खून से लथपथ बेसुध मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फिलहाल यह भी पता नहीं चला कि दोनों की स्कूटी को किस गाड़ी ने हिट किया था।

माना जा रहा है कि दोनों हादसे के बाद बहुत देर तक रोड पर बेहोश रहे। खून अधिक बहने से मौत हो गई। रात 3 बजे ट्रैफिक मूवमेंट कम होता है, यदि स्कूटी को हिट करने वाला भागने के बजाए उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद करता तो जान बच सकती थी। पुलिस का कहना है कि हिट एंड रन का केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने से आरोपी चालक का सुराग मिलने की उम्मीद है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: हिट एेंड रन: स्कूटी सवार दो स्टूडेंट्स की मौत