Thursday, February 1, 2018

संकट आने वाला है कह महिला से की लूटपाट

नई दिल्ली
दिल्ली में एक महिला के साथ दिनदहाड़े लूटपाट की घटना सामने आई है। दरअसल, एक व्यक्ति उनके पास आया और पहले तो रास्ता पूछने के बहाने टोका। इसके बाद उन्हें देखते हुए कहने लगा कि आपकी जिंदगी में बड़ा संकट आने वाला है। इतना कहते हुए पहले महिला की जूलरी उतरवा ली। थोड़ी देर में महिला बेहोश हो गई और वह फिर महिला की जूलरी, कैश, मोबाइल लेकर फरार हो गया।

घटना जीटीबी एन्क्लेव इलाके की है। महिला ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, प्रेमलता उर्फ पूनम (39) परिवार के साथ नंद नगरी में रहती हैं। वह सुबह काम पर जाने के लिए निकली थीं। जीटीबी एन्क्लेव के गेट के पास एक शख्स ने उन्हें रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया। शख्स प्रेमलता से बातें करता रहा।

अचानक उसने महिला से कहा कि उनके जीवन में बड़ा संकट आने वाला है। शख्स ने महिला से उनकी जूलरी पर्स में रखने को कहा। कुछ देर बाद पूनम की आंखों के आगे अंधेरा छा गया। वह अचेत हो चुकी थीं। वह व्यक्ति महिला की जूलरी, मोबाइल और कैश लेकर फरार हो गया। पूनम को होश आने के बाद उनके साथ लूटपाट का एहसास हुआ। राहगीर की मदद से उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: संकट आने वाला है कह महिला से की लूटपाट