Sunday, December 3, 2017

दिल्ली मेट्रो स्मार्ट कार्ड की ब्रिक्री में गिरावट: RTI

नई दिल्ली
दिल्ली मेट्रो के यात्रियों की संख्या में ही नहीं बल्कि पिछले एक साल में स्मार्ट कार्ड की बिक्री में भी गिरावट दर्ज की गई है। आरटीआई के जवाब में मुहैया कराए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले साल जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में मेट्रो ने प्रतिदिन करीब 15,650 कार्डों की बिक्री की थी। इस साल इस दौरान यह आंकड़ा गिरकर 12,250 पर पहुंच गया।

ऐसा माना जा सकता है कि यह गिरावट स्वाभाविक है लेकिन इसके बावजूद अधिक से अधिक लोग स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार स्मार्ट कार्ड इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या में केवल मामूली वृद्धि ही हुई है। अक्टूबर 2016 में यह 69.94 प्रतिशत था जो 2017 अक्टूबर में 70.84 प्रतिशत हो गया। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि बिक्री में भिन्नता के बावजूद, स्मार्ट कार्ड उपयोगकर्ताओं में वृद्धि दर्ज की गई है।

जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2016 में स्मार्ड कार्ड की बिक्री रोजाना क्रमश: 16000, 16500, 15,200 और 14,900 थी। वहीं इस साल इन महीनों में स्मार्ड कार्ड की बिक्री क्रमश: 12,900, 12,400, 11,700 और 12,000 रही। मेट्रो ने इस दौरान दो बार मई और अक्टूबर में अपने किराए में बढ़ोतरी की है। अक्टूबर में दूसरी बार किराए में वृद्धि के बाद रोजाना यात्रियों की संख्या में करीब तीन लाख की गिरावट आई है।

डीएमआरसी और सेंटर ने कहा कि यात्रियों की संख्या में आई गिरावट के लिए केवल किराए में वृद्धि को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, बल्कि इसके लिए रविवार, दीवाली और छठ पूजा आदि भी जिम्मेदार है। उन्होंने किराए में बढ़ोतरी के फैसले को कंपनी की कार्यक्षमता के लिए आवश्यक बताते हुए ठीक ठहराया।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दिल्ली मेट्रो स्मार्ट कार्ड की ब्रिक्री में गिरावट: RTI