Saturday, July 1, 2017

दिल्ली: घर 'बुलाकर' पत्नी के प्रेमी का किया मर्डर

नई दिल्ली
दिल्ली के भजनपुरा में एक शख्स ने अपनी पत्नी के प्रेमी का बेरहमी से कत्ल कर दिया। इस काम में उसका साथ दिया उसके नाबालिग भतीजे ने। आरोपी ने मृतक को 20 से ज्यादा बार चाकुओं से गोदा। चाचा-भतीजे ने अपने घर में ही इस घटना को अंजाम दिया और फिर घर को बाहर से बंद करके फरार हो गए। जब खून घर से निकलकर गली की नाली में बहने लगा, तब पड़ोसियों से पुलिस को खबर मिली।

पुलिस ने दरवाजा खोला तो खौफनाक मंजर था। युवक का शव चाकुओं से गुदा पड़ा था। जगह-जगह खून फैला था। पुलिस ने शुरुआती छानबीन के आधार पर बताया है कि मरने वाला युवक इसी मोहल्ले का निवासी था और उसके अवैध संबंध मुख्य आरोपी की पत्नी से थे। इसके चलते उनके बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने इसी वजह से अपनी पत्नी को गांव भेज दिया था। उसे अंदाजा था कि उसका प्रेमी उसकी खोज-खबर लेने के लिए घर जरूर आएगा। शुक्रवार रात पड़ोसी युवक जब उसके घर आया तो दोनों के बीच पहले झगड़ा हुआ और फिर आरोपी ने अपने भतीजे के साथ मिलकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बाद में घर बाहर से बंद करके दोनों फरार हो गए।

यह घटना सुभाष मोहल्ले की गली नंबर-9 में हुई। मृतक का नाम शानू (25) है। बताया जा रहा है कि शानू को 20 से ज्यादा बार चाकू मारा गया। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मुख्य आरोपी का नाम विनोद बताया जा रहा है। पुलिस को घटना की सूचना रात लगभग 10 बजे मिली।

इस घटना के बाद से कॉलोनी में तनाव है। बदले की भावना से फिर खूनखराबा न हो, इस आशंका में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। डीसीपी अजीत सिंगला ने बताया कि शुरुआती जांच में मर्डर की वजह अवैध संबंध सामने आ रही है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दिल्ली: घर 'बुलाकर' पत्नी के प्रेमी का किया मर्डर