Saturday, April 1, 2017

भीड़ से बचने को छत से कूदा लुटेरा, घायल

बवाना
बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में लुटेरों ने रात के वक्त एक फैक्ट्री में धावा बोलकर वहां मौजूद कर्मचारियों को बंधक बना लिया। कर्मचारियों के विरोध करने पर लुटेरों ने चाकूबाजी कर डाली, जिसमें तीन कर्मचारी घायल हो गए। बावजूद इसके कर्मचारियों ने हिम्मत नहीं हारी और शोरशराबा करके बाकी को जगा दिया। पकड़े जाने के डर से मौके पर मौजूद दो लुटेरे दौड़ पड़े, जिसमें एक छत से कूद गया जिसकी टांग टूट गई। दूसरे को दबोच लिया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बदमाश को नजदीकी अस्पताल में पीसीआर के जरिए पहुंचाया। दूसरे को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है।

पुलिस ने तीनों घायल कर्मचारियों को भी अस्पताल में एडमिट कराया। फिलहाल पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर इनके बाकी साथियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अफसरों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान बवाना जेजे कॉलोनी निवासी अकबर और सब्बीगुल के तौर पर हुई है। घायलों में फैक्ट्री कर्मचारी अजय, विजय और पहलू हैं। वारदात बवाना के सेक्टर 4 की है। घटना के वक्त अजय ग्राउंड फ्लोर पर थे, जबकि विजय और पहलू सेकंड फ्लोर पर थे।

अजय ने सबसे पहले खटपट की आवाज सुनी। उन्होंने बाकी दोनों को जगाया कि फैक्ट्री में बदमाश घुस आए हैं। इसी दौरान दो लुटेरे सामने हाथ में छुरा लेकर खड़े दिखाई दिए। उन्होंने तीनों को एक कोने में बंधक बना लिया। आवाज निकालने पर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर सबसे पहले विजय और पहलू को छुरा घोंप दिया।

अजय ने रोकने की कोशिश की तो उसकी भी पिटाई कर दी। घायल होने के बाद भी कर्मचारियों ने हिम्मत नहीं हारी और शोरशराबा करके बाकी को जगा दिया। छत से कूदने वाला लुटेरा सब्बीगुल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: भीड़ से बचने को छत से कूदा लुटेरा, घायल