Wednesday, March 1, 2017

दिव्यांग बन घरों में करते थे चोरी, धरे गए

नई दिल्ली
दिल्ली में चोरी के मामले में ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो दिव्यांग का बहाना बना लोगों से मदद मांगते थे। ये दिव्यांग के रूप में घर घुसते थे फिर चोरी कर फरार हो जाते थे। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकार ने बुधवार को बताया कि आरोपी बी बाबू (20) और यरमपल्ली लक्ष्मार्य (19) आंध्रप्रदेश के रहने वाले हैं। वे मूक-बधिर के रूप में लोगों के घर पहुंचते थे। उन्होंने कहा, 'वे मूक-बधिरों के बारे में जागरूकता फैलाने वाले कागज या पर्चे दिखाते थे। वे लोगों से मदद और दान मांगते थे। उनके पास आंध्र प्रदेश के कुछ पहचानपत्र भी थे जिनमें उन्हें दिव्यांग घोषित किया गया है।'

अधिकारी ने बताया कि जब लोग उनकी मंशा से अनजान पैसे लाने घर के अंदर जाते थे तब आरोपी तेजी से घर में घुस जाते थे और मोबाइल फोन, लैपटॉप, नकद, बटुए, घड़ियां आदि उठा लेते थे और वहां से भाग जाते थे। ये लोग खासकर पेइंग गेस्ट के रूप में रहने वालों, किराएदारों, फ्लैटवालों को निशाना बनाते थे।

दोनों 26 फरवरी को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार किए गए जहां वे किराए के मकान में ठहरे हुए थे। उनके पास से दो लैपटॉप और एक आईफोन जब्त किए गए हैं।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दिव्यांग बन घरों में करते थे चोरी, धरे गए