Saturday, December 24, 2016

ज़ू में पहली बार गिबन ने दिया बच्चे को जन्म

नई दिल्ली

चिड़ियाघर में होलक गिबन (बंदरों की एक प्रजाति) ने एक बच्चे को जन्म दिया है। यह पहली बार है कि चिड़ियाघर में होलक गिबन ने बच्चे को जन्म दिया है। बच्चे और उसकी मां की विशेष देखरेख की जा रही है।

चिड़ियाघर के सूत्रों ने बताया कि फीमेल की उम्र बहुत ही कम है और पहली बार उसने बच्चे को जन्म दिया है। इस वजह से गिबन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चिड़ियाघर की मेडिकल टीम की मदद से गिबन ने बच्चे को जन्म दिया। मां और उसके बच्चे को चिड़ियाघर के अस्पताल में रखा गया है। दोनों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है और फिलहाल दोनों स्वस्थ हैं।

सूत्रों ने बताया कि चिड़ियाघर के बाड़े में गिबन के बच्चे और उसकी मां को दिक्कत हो सकती थी। इसको देखते हुए उन्हें चिड़ियाघर के अस्पताल में रखा गया है, ताकि 24 घंटे उन पर नजर रखी जा सके। दोनों की स्थिति देखने के बाद ही उन्हें बाड़े में शिफ्ट किया जाएगा। फीमेल गिबन को मणिपुर और मेल को अरुणाचल प्रदेश से लाया गया था। पहले भी कई बार दोनों की मेटिंग कराई गई थी, लेकिन प्रजनन में सफलता नहीं मिल पाई थी। बार-बार मेटिंग कराने के बाद गिबन ने बच्चे को जन्म दिया।

होलक गिबन नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों और चीन में पाए जाते हैं। इनका वजह 6-9 किलोग्राम होता है। मेल का रंग काला होता है, लेकिन भौंहें उजली होती हैं। फीमेल भूरे रंग की होती हैं और इनकी आंखों के चारों ओर उजले रंग का घेरा होता है। इनका पसंदीदा खान फल हैं। इसके अलावा, ये पत्तियां और कीड़े भी खाते हैं। गिबन मेटिंग के 7 महीने बाद बच्चे को जन्म देती है। जन्म के समय बच्चे के बालों का रंग उजला होता है। इसके 6 महीने बाद धीरे-धीरे बड़ा होने पर मेल के बालों का रंग काला हो जाता है और फीमेल का रंग आजीवन बादामी रहता है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: ज़ू में पहली बार गिबन ने दिया बच्चे को जन्म