Monday, October 3, 2016

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना

नई दिल्ली
दिल्ली एनसीआर में सोमवार को रिमझिम बारिश ने मौसम सुहाना बना दिया। इन दिनों लोग गर्मी और उमस से बेहद परेशान थे, लेकिन दोपहर में हुई बारिश से लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने पहले ही छिटपुट बारिश की संभावना जताई थी। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार इससे लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिलने वाली है। असल में न्यूतनम तापमान का स्तर लगातार सामान्य से अधिक चल रहा है, जिस कारण मौसम का मिजाज अजीब हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़कर 36 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री से अधिक चढ़कर 28 डिग्री पर रहा। विभाग ने गुरुवार 6 अक्टूबर को भी छिटपुट बारिश की संभावना जताई है। मिली जानकारी के अनुसार राजधानी में पूरे सप्ताह आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी, इसके बावजूद गर्मी और उमस का दौर जारी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार अमूमन अक्टूबर माह में न्यूनतम तापमान इतना नहीं रहा, जितना आजकल हो रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक हैरानी करने वाला है, वरना इन दिनों वह अधिकतम दो डिग्री ही ऊपर हो पाता था। इसी न्यूनतम तापमान के चलते दिन भर गर्मी का दौर चल रहा है और शाम से लेकर रात और सुबह तक उमस हो रही है। सुबह भी उमस का प्रतिशत 70 था, जबकि रात को यह बढ़कर 80 प्रतिशत हो गया था। फिलहाल बारिश से दिल्ली एनसीआर में तापमान में गिरावट की संभावना है। इस उमस के बीच रिमझिम बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना