Saturday, October 1, 2016

...जब रैंप पर चलीं कैंसर पीड़ित महिलाएं

नई दिल्ली
एक विशेष फैशन शो में स्तन कैंसर पीड़ितों ने जागरूकता फैलाने के लिए मॉडल की तरह रैंप वॉक किया। 'एंब्रेस द पिंक पावर' कार्यक्रम का आयोजन स्तन कैंसर पीड़ितों के साथ उत्सव मनाने के लिए किया गया था। यह कार्यक्रम शुक्रवार शाम इंपीरियल होटेल में आयोजित किया गया। इसमें सभी महिलाएं अनुपमा दयाल के डिजाइन किए गए परिधान में दिखीं। इस कार्यक्रम में रोको कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट ने सहयोग किया।

रोको कैंसर के चेयरमैन एपीएस चावला ने कहा, 'स्तन कैंसर महिलाओं का बड़ा दुश्मन है। अगर किसी को यह होता है तो पूरे परिवार को देखभाल के लिए बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसमें लापरवाही कई बार मौत का कारण बन जाती है।' उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाओं से उनकी उम्मीद और साहस की कहानियां सुनना बहुत ही अच्छा अनुभव होता है।

इस फैशन शो में 15 महिलाएं स्टार के तौर पर मौजूद थीं। एस शो की स्टार सोनी ने कहा, 'कैंसर से निपटना मुश्किल होता है लेकिन स्वस्थ रहना केवल बीमारी से मुक्त होना ही नहीं है। अगर चुनौतियों का डट कर सामना किया जाता है तो वह भी स्वस्थ है।' 41 वर्षीय सिमरन कोहली ने कहा कि एक महीने पहले ही उनकी कीमोथेरपी बंद हुई है। उन्होंने कहा कि इसका इलाज मुश्किल है लेकिन अपनी इच्छाशक्ति से बीमारी से जल्दी निजात मिल सकती है।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: ...जब रैंप पर चलीं कैंसर पीड़ित महिलाएं