Saturday, July 30, 2016

बीवी से बदतमीजी पर किया दोस्त का मर्डर!

अवनीश चौधरी, नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके में शुक्रवार रात हुए एक वारदात में पहले तो एक शख्स ने कथित तौर पर दोस्त को घर में बैठाकर खूब शराब पिलाई और फिर पीट-पीट कर उसका कत्ल कर दिया। आरोपी को सराय रोहिल्ला इलाके में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

शुरुआती जांच में हत्या के दो पक्ष सामने आ रहे हैं। पहला तो यह कि मरने वाला युवक हत्या के आरोपी की गैर मौजूदगी में उसकी पत्नी से मिलने की कोशिश करता था। आरोप है कि इससे नाराज होकर आरोपी ने हत्या की योजना बनाई। दूसरी बात यह सामने आई है कि दोनों दोस्तों ने शुक्रवार को पहले घर से बाहर शराब पी। इसके बाद दोनों ने घर में बैठकर और शराब पी। इसमें कहा जा रहा है कि आधी रात को मृतक ने आरोपी की पत्नी के साथ बदतमीजी की, जिससे खफा होकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस इसी पक्ष पर ज्यादा यकीन कर रही है। DCP (नॉर्थ) मधुर वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का नाम आर्यन है और उसकी उम्र 25 साल है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आर्यन ने शुरुआती पूछताछ में कहा है कि उसके दोस्त गौतम ने नशे में धुत होकर उसकी पत्नी से गंदी हरकत करने की कोशिश की, जिस कारण वह आपा खो बैठा। पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 3 बजे मिली। पुलिस को उसी मकान में रहने वाले अजय नामक युवक ने फोन कर हत्या की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची, तो एक युवक की खून से लथपथ लाश देखी। मृतक की पहचान 32 साल के गौतम के तौर पर हुई है।

पुलिस के अनुसार, आर्यन और गौतम गहने की एक दुकान पर बतौर कारीगर काम करते थे। दोनों बंगाल के रहने वाले हैं। आर्यन और गौतम ने शुक्रवार को पहले घर से बाहर शराब पी। फिर आर्यन गौतम को अपने साथ घर ले गया। वहां भी दोनों ने शराब पी। आधी रात को आर्यन की पत्नी को लेकर दोनों दोस्तों में झगड़ा हुआ। मारपीट के दौरान आर्यन ने गौतम पर सिलिंडर से ताबड़तोड़ वार किए।

मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: बीवी से बदतमीजी पर किया दोस्त का मर्डर!