Sunday, July 3, 2016

रेप नहीं करने दिया तो 16 साल की लड़की को घसीटा, रेत दिया गला

दिल्ली में एक 16 साल की लड़की से बलात्कार की कोशिश का घिनौना मामला सामने आया है। जब लड़का अपने इरादों में कामयाब नहीं हो पाया तो उसने लड़की को पीटकर 100 मीटर तक घसीटा और फिर उसका गला काट दिया। यह मामला मयूर विहार के पास युमना खादर का है। जिस लड़के पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप है उसकी उम्र 20 साल है और वह लड़की के घर के पास ही रहता था। लड़की किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब हो गई। उसे फिलहाल लाल बहादुर शास्त्री हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने लड़को को भी पकड़ लिया है।

लड़की अपने घरवालों के साथ यमुना खादर में खेती वाले इलाके में झोपड़ी डालकर रहती है। घरवालों के मुताबिक, रात को 1:30 बजे के करीब वह उठकर टॉयलेट करने के लिए खेतों में बने टॉयलेट में गई थी। उस लड़के ने उसको जाते देख लिया और पीछे लग गया। खेत में पहुंचकर लड़के ने जबरदस्ती शुरू कर दी। लड़की के विरोध करने पर लड़के ने उसे मारा पीटा और लगभग 100 मीटर तक घसीटा। इसके बाद उसने किसी चीज से लड़की का गला काट दिया। इसके बाद लड़की किसी तरह अपने आप को बचाकर घर पर वापस आ गई। लड़की जैसे ही घर पहुंची उसके घर वाले उसे देखकर चौंक गए। उसके शरीर से काफी खून निकल रहा था। इसके बाद लड़की के घरवालों पुलिस को फोन करके लड़की को हॉस्पिटल की तरफ लेकर भागे।

पुलिस ने बताया है कि लड़की और उस लड़के दोनों का ही परिवार यूपी के बदायूं के रहने वाले हैं। दोनों खादर में एक ही जगह पर झुग्गी बनाकर रहते थे। इससे पहले भी उस लड़के ने एक बार लड़की से बदतमीजी करने की कोशिश की थी। दोनों परिवारों के बीच इसको लेकर लड़ाई भी हुई थी। इसके बाद लड़की के परिवारवारों ने अपनी झुग्गी बाकी लोगों से कुछ दूरी पर डाल ली थी।

फिलहाल पांडव नगर के थाने में लड़के के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया है कि लड़की ने भी लड़के को पहचान लिया है। लड़के ने बताया है कि उसने चाकू से लड़की का गला काटा था।


Read more: रेप नहीं करने दिया तो 16 साल की लड़की को घसीटा, रेत दिया गला