Wednesday, June 29, 2016

कैंडल, गुलाब के फूल सजाकर GF की हत्या की

विशेष संवाददाता, नेब सराय
जुनून की हद तक डांस को चाहने वाला एक शख्स ट्रेनिंग लेने आई एक लड़की से प्यार करने लगा। लड़की की शादी किसी और से तय हो गई। यह बात डांस टीचर को सहन नहीं हुई। उसने उसी लड़की की हत्या कर दी, जिसके साथ वह जिंदगी भर रहना चाहता था। उसने खुद भी सीलिंग फैन से फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया। हालांकि पुलिस को कोई सूइसाइड नोट नहीं मिला है, घटना मंगलवार रात की है।

बुधवार सुबह साउथ दिल्ली में इंदिरा गांधी ओपन यूनिवर्सिटी से पहले नेब सराय की गली नंबर 5 में स्थित 'एबीसी डांस अकैडमी' का गेट बंद था और डांस टीचर सचिन उर्फ सोनू भी वहां मौजूद नहीं था। इस अकैडमी में ट्रेनिंग लेने वाली योगिता नामक लड़की की बहन उसे तलाश करते हुए पहुंच गई। उन्होंने गेट खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। दरअसल डांस अकैडमी का मालिक और टीचर सचिन इसी अकैडमी में ही रहता था।



वह रोज सुबह अकैडमी खोल देता था। सुबह 10 बज गए, लेकिन अंदर से बंद गेट नहीं खुल रहा था। लोग जमा होने लगे। किसी को अंदर से बदबू आई तो पुलिस को खबर देने का फैसला किया गया। पीसीआर कॉल की गई। पीसीआर और महरौली थाने की पुलिस मौके पर आई। कुछ देर तक खटखटाने के बाद गेट तोड़ दिया गया। अंदर फर्श पर एक लड़की की लाश पड़ी थी। उसके गले में एक्सटेंशन कोर्ड का तार लिपटा हुआ था। छत के पंखे से एक युवक का शव लटका हुआ था। पुलिस को बताया गया कि सीलिंग फैन से लटका हुआ शव सचिन (24 साल) का है।

कुछ देर तहकीकात करने के बाद पता चला कि लड़की का नाम योगिता (24 साल) है। उनकी मौत की खबर फैलने पर सचिन के दोस्त और जानकार लोग वहां पहुंचने लगे। शवों को मॉर्च्युरी ले जाने से पहले पुलिस ने योगिता के परिवारवालों को मौके पर बुलाया। योगिता का परिवार छतरपुर पहाड़ी पर रहता है, उनके पिता और भाई मौके पर आए। बहन ने पुलिस को बताया कि योगिता मंगलवार रात 9:15 बजे घर से डांस अकैडमी में सचिन से मिलने आईं थीं। योगिता के आने की जानकारी उसकी बहन को थी। रात भर वह वापस नहीं आईं। सुबह पुलिस से मिली फोन कॉल से उन्हें पता चला कि योगिता का मर्डर कर दिया गया है। जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि योगिता ने तीन महीने पहले ही एबीसी डांस अकैडमी जॉइन की थी। यह भी पता चला कि सचिन उससे प्यार करता था। योगिता के भी उससे अच्छे संबंध थे।

अडिशनल डीसीपी साउथ नुपूर प्रसाद के मुताबिक, अब तक हुई तहकीकात से पता चला है कि सचिन ने पहले एक्सटेंशन कोर्ड योगिता के गले में लपेटकर उसकी हत्या की और उसके बाद आत्महत्या की। महरौली थाने में योगिता के मर्डर का केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि इस मर्डर के मुलजिम की मौत की वजह से यह केस चार्ज अबेटिड किया जाएगा। दूसरी ओर, सचिन की मौत के मामले में पुलिस सीआरपीसी की धारा 174 के तहत छानबीन कर रही है।

कैंडल और गुलाब के फूल सजाकर किया मर्डर

डांस टीचर सचिन उर्फ सोनू के दो फोन नंबरों के वट्सऐप स्टेटस उसकी मानसिक हालत जाहिर कर रहे हैं। एक स्टेटस में उसने लिखा था कि 'एक गलती फिर हो गई- ट्रस्ट (भरोसा)।' दूसरा स्टेटस अंग्रेजी में लिखा था, जिसका मतलब है 'एक आदमी अपनी पत्नी को राजकुमारी बनाने के लिए कड़ी मेहनत करता है।' इस मर्डर और खुदकुशी के केस की कहानी का खुलासा सचिन के दोस्तों ने किया। पंकज ने बताया कि सचिन योगिता से प्यार करता था। वह उससे शादी करना चाहता था। सचिन ने अपने दोस्तों को बताया था कि योगिता की शादी किसी और से होने वाली है। इसके बाद सचिन बेहद हताश रहने लगा था।

उसकी हालत देख कर दोस्तों ने उसे सलाह दी थी कि कोई गलत कदम मत उठाना। तहकीकात कर रहे पुलिस अफसरों का मानना है कि उसने अकेले ही पूरी प्लानिंग कर वारदात को अंजाम दिया। उसने किसी बहाने से योगिता को मंगलवार रात को डांस अकैडमी में बुलाया था। योगिता के आने से पहले उसने अकैडमी में कैंडल और गुलाब के फूलों की पंखुड़ियां सजाईं थीं। योगिता रात 9:15 बजे अकैडमी में जाने से पहले घर में अपनी बहन को बता कर गई थीं। उनकी बहन ने पुलिस को बताया कि जाते वक्त योगिता पूरी तरह से नॉर्मल थीं।

पुलिस का अनुमान है कि योगिता को सचिन के इरादों की कोई भनक नहीं थी। सचिन उर्फ सोनू (24) मूल रूप से इंदौर का निवासी था। उसे डांस का शौक था और उसने इसी को अपना करियर बना लिया था। उसके मौसा-मौसी का परिवार साउथ दिल्ली के नेब सराय में रहता है। सचिन भी डांस करियर को आगे बढ़ाने के मकसद से दिल्ली आ गया था। सवा दो साल पहले उसने इग्नू रोड पर एक डांस अकैडमी की शुरूआत की थी। उसकी 'एबीसी डांस अकैडमी' का बिजनेस ठीक चल रहा था। उसके बाद सचिन ने नेब सराय की गली नंबर 5 में इस अकैडमी का ऑफिस शिफ्ट कर दिया।





मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और रहें हर खबर से अपडेट।


Read more: कैंडल, गुलाब के फूल सजाकर GF की हत्या की